रमियाबेहड़। निघासन कोतवाली पुलिस की कोबरा मोबाइल टीम ने गश्त के दौरान रास्ता भटके सात वर्षीय बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। बुधवार दोपहर निघासन चौराहे पर कोबरा मोबाइल टीम गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक डरे-सहमे बच्चे पर पड़ी। पूछताछ करने पर बच्चे ने अपना नाम अबूजर पुत्र नसीम निवासी श्रीनगर, थाना फूलबेहड़ बताया। वह रास्ता भटककर निघासन पहुंच गया था। पुलिस टीम बच्चे को कोतवाली लेकर गई और महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद थाना फूलबेहड़ पुलिस की मदद से बच्चे के भाई आदिल से संपर्क किया गया और उसे थाने बुलाया गया।
थाने पहुंचते ही अबूजर ने अपने भाई को देखा तो उसके चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी पूरी करने के बाद बच्चे को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। संवाद