ज्ञानवापी के संबध में निर्णय को लेकर अलर्ट पर रही पुलिस
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। वाराणसी स्थित ज्ञानवापी शृंगार गौरी के मामले में सोमवार को कोर्ट में सुनवाई और फैसला आने के मद्देनजर खीरी पुलिस हाई अलर्ट पर रही। सदर कोतवाली क्षेत्र में साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार बंद रहे। फिर भी कोतवाली पुलिस महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों पर भ्रमणशील रही।
मैगलगंज में ज्ञानवापी प्रकरण में फैसले को लेकर पुलिस अलर्ट दिखी। मितौली सीओ आदित्य कुमार के नेतृत्व में मैगलगंज थाना प्रभारी अनिल कुमार ने औरंगाबाद कस्बा में मस्जिद और उसके आसपास धार्मिक स्थलों पर फोर्स लगाकर शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील के साथ रूट मार्च भी किया।
पुलिस ने मुस्लिम बाहुल्य आबादी में की गश्त
ममरी। ज्ञानवापी शृंगार गौरी के मसले को लेकर किसी भी स्थान पर धार्मिक उन्माद न हो। इसको ध्यान में रखते हुए हैदराबाद थाना पुलिस अलर्ट पर रही। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में मुस्लिम बाहुल्य आबादी वाले गांव हैदराबाद, गणेशपुर, नयागांव, अजान, अल्लीपुर, चांदा मऊ, घरथनिया, कोटवारा, छितौनिया, धिरावा, सरदारगढ़, रोशननगर आदि ग्रामों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और दोनों समुदायों के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर चौकसी करने का मुख्य उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना है।