लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दिवंगत विधायक अरविंद गिरि के परिवार को पत्र लिखकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम ने विधायक के बेटे अमन गिरि तो गृहमंत्री ने पत्नी सुधा गिरि के नाम पत्र लिखा है।
विधायक पुत्र को संबोधित पत्र में पीएम मोदी ने लिखा कि अरविंद गिरि के निधन की खबर से उन्हें दुख पहुंचा है। मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार और शुभ चिंतकों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने अमन गिरि को ढांढस बंधाते हुए लिखा कि अरविंद गिरि परिवार के लिए एक मजबूत आधार और प्रेरणास्रोत थे। पिता के निधन से जीवन में आई रिक्तता की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। वह सशरीर इस संसार में नही हैं मगर उनकी स्मृतियां और जीवन मूल्य परिवार के सदस्यों के साथ बने रहेंगे। ईश्वर शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।
उधर अमित शाह ने अरविंद गिरि की पत्नी सुधा गिरि के नाम लिखे पत्र में कहा कि विधायक के निधन के समाचार से वह बहुत व्यथित हैं। अरविंद गिरि का निधन भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। वह एक समर्पित जन प्रतिनिधि थे। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने निधन पर गहरा शोक और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। दिवंगत विधायक के प्रतिनिधि जवाहर वर्मा ने बताया कि 12 सितंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पत्र मिला है।