लखीमपुर खीरी। जिले में सात, आठ और नौ जून को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा, परिवहन और यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन किया जा रहा है।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के 16 केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी और किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अभ्यर्थियों की तलाशी के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में करीब 6,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीन दिनों में कुल करीब 39 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
ये बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
अबुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, आदर्श जनता इंटर कॉलेज देवकली, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक, भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज, धर्मसभा इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज फरधान, कृषक समाज इंटर कॉलेज फत्तेपुर, पीके इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, युवराजदत्त इंटर कॉलेज ओयल और जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम।