धौरहरा। ईसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की शांति भंग की कार्रवाई का अजीब मामला सामने आया है। ओझावा बरारी गांव निवासी रमेश को एसडीएम न्यायालय से नोटिस मिला तो वह हैरान रह गया। नोटिस में उनकी पत्नी सुशीला का नाम भी था, जबकि उसकी करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है।
रमेश ने एसडीएम को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि कुछ माह पहले शौचालय निर्माण को लेकर पड़ोसियों से उसका विवाद हुआ था। उसने 1076 पर शिकायत की थी। आरोप है कि इसके बाद ईसानगर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। इसमें रमेश की पत्नी सुशीला को भी पाबंद कर दिया गया।
नोटिस मिलने पर रमेश पत्नी का मृत्यु प्रमाणपत्र लेकर एसडीएम न्यायालय पहुंचे। प्रमाणपत्र में सुशीला की मृत्यु की तारीख 1 अप्रैल, 2023 दर्ज है।
मामले की जानकारी पर एसडीएम धौरहरा राशिकृष्णा ने ईसानगर पुलिस से जवाब तलब किया है। पुलिस की रिपोर्ट में मृत महिला का नाम शामिल होने पर कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि यदि ऐसा है तो जांच के बाद संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी।