पलियाकलां। आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को पलिया थाने का निरीक्षण किया। नीलामी वाहनों के खड़े होने वाले स्थान पर गंदगी को देखकर नाराजगी जताई। साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिला आरक्षियों से जानकारी ली। इसके बाद सर्किल के सभी थानों का ओआर किया।
आईजी रेंज लखनऊ लक्ष्मी सिंह तीन बजे पलिया थाने पर पहुंचीं। थाने के नीलामी के लिए खड़े वाहन स्थल का जायजा लिया। गंदगी देखकर इंस्पेक्टर भानुप्रताप सिंह से व्यवस्थित तरीके से रखरखाव करने के साथ सफाई कराने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क पहुंचकर यहां तैनात महिला आरक्षियों से सवाल जवाब किए। पूछा कि वह किस तरीके से महिला शिकायकर्ताओं की शिकायतें सुनतीं हैं तथा उसको संबंधित दरोगाओं के पास कैसे पहुंचाती हैं। महिला आरक्षियों ने उनको ठीक ढंग से जवाब दिए। सभी हल्के दरोगाओं समेत सिपाहियों के नंबरों की लिस्ट कंप्यूटर में तैयार करने के निर्देश दिए। आईजी ने सर्किल के सभी थानों का ओआर किया। इस दौरान एसपी विजय ढुल, प्रभारी सीओ प्रदीप कुमार, ट्रेनी सीओ अजय कुमार, इंस्पेक्टर पलिया भानू प्रताप सिंह समेत संपूर्णानगर, चंदनचौकी, मझगईं, गौरीफंटा समेत पलिया थाने के प्रभारी व दरोगा मौजूद रहे।
‘रेंगन कंडोला हत्याकांड का जल्द होगा खुलासा’
पत्रकारों से वार्ता करते हुए इलाके की समस्याओं के बारे में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने पूछताछ की। इसमें रेंगन कंडोला हत्याकांड का मामला भी उठाया गया। जिसपर आईजी ने कहा कि इस हत्याकांड में परिजनों तथा आसपास के लोगों से जो भी जानकारी मिली थी उसके आधार पर पंजाब तथा देहरादून तक टीमों को भेजा लेकिन वहां से कोई खास सुराग नहीं मिले। पुलिस विभाग इस हत्याकांड को सुलझाने में लगा हुआ है। उन्होंने सीओ की तैनाती के भी एसपी को निर्देश दिए।
---------------
आईजी के निरीक्षण में सदर पुलिस पास
महिला हेल्प डेस्क देख महिला सिपाहियों से की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। त्योहार को लेकर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करने शुक्रवार को लखीमपुर पहुंची आईजी लखनऊ परिक्षेत्र लक्ष्मी सिंह ने कोतवाली सदर का औचक निरीक्षण किया। बमुश्किल पांच मिनट के ही निरीक्षण में ही उन्होंने सदर कोतवाली पुलिस को पास कर दिया। आईजी का यह निरीक्षण कोतवाली में ही तैनात पुलिसकर्मियों के बीच काफी चर्चित रहा।
शुक्रवार को आईजी लक्ष्मी सिंह करीब 12:30 बजे कलक्ट्रेट स्थित गेस्ट हाउस पहुंची। सलामी लेने के बाद उन्होंने एसपी विजय ढुल सहित अधिकारियों से वार्ता की। करीब 1:15 बजे सदर कोतवाली पहुंची। आईजी ने सबसे पहले कोतवाली में स्थापित महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। डेस्क पर तैनात दो महिला सिपाहियों से उनके कार्य के बारे में जानकारी ली। सटीक जवाब देने पर आईजी ने दोनों की प्रशंसा किया। डेस्क पर शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले पीली पर्ची देखी। पर्ची पर सीओ और प्रभारी निरीक्षक का नाम और मोबाइल नंबर अंकित नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाम और मोबाइल नंबर अंकित करने के निर्देश दिए। कंप्यूटर कक्ष में जाकर कर्मचारियों से भी पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपने निरीक्षण में कोतवाली को पास कर दिया और पलिया के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान एसपी विजय ढुल, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी एसएन सिंह आदि मौजूद रहे। अभिलेखों आदि का निरीक्षण न होने से अधिकारियों से लेकर पुलिसकर्मियों तक ने राहत महसूस की। संवाद