लखीमपुर खीरी। यूपी 112 सेवा में तीन साल की समयावधि पूरी करने वाले 19 दरोगाओं सहित 39 सिपाहियों की वापसी हो गई है। सभी दरोगाओं और सिपाहियों ने पुलिस लाइन में अपनी आमद भी दर्ज करा ली है। इनके स्थान पर प्रशिक्षण पूरा करने वाले पुलिसकर्मी भेजे गए हैं। इनमें अधिकतर दीवान और सिपाही हैं।
जिले में यूपी 112 पुलिस में तीन साल का समय पूरा करने वाले एसआई, एचसीपी और सिपाहियों की वापसी शुरू हो गई है। एसपी पूनम ने 39 पुलिसकर्मियों की पहली गश्ती जारी कर दी है। पहली गश्ती में यूपी 112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) पर बतौर प्रभारी तैनात एचसीपी अब प्रोन्नत पाकर एसआई बन गए हैं। इस गश्ती में प्रोन्नत पाकर एचसीपी से एसआई बने 19 दरोगाओं सहित 39 पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया गया। इनके स्थान पर 17 नवंबर से एक माह का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके एसआई, हेड कांस्टेबल और सिपाहियों को भेजा है। वापस आए सभी पुलिसकर्मियों ने अपनी आमद पुलिस लाइन में दर्ज कराई है। इन्हें अब थानों पर भेजा जाएगा। जल्द ही यूपी 112 की दूसरी गश्ती जारी होने की भी संभावना है। इसके बाद थानों पर तैनात दीवान और सिपाही यूपी 112 में भेजे जाएंगे।
समयावधि पूरी होने पर अभी यूपी 112 के 39 पुलिसकर्मियों को वापस बुलाया गया है। उनके स्थान पर प्रशिक्षण पूरा कर चुके पुलिसकर्मियों को नियुक्ति किया गया है।
-पूनम, पुलिस अधीक्षक