प्रभारी मंत्री के प्रवास के दौरान हुई नोक झोंक
पुलिसकर्मियों और नेताओं ने मामला कराया शांत
समाज कल्याण राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान रविवार को जिले पर पहुंची। एलआरपी स्थित पीडब्लयूडी गेस्ट हाउस पर उनके आगमन से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं और शहर कोतवाल के बीच वाद विवाद होने लगा। हालांकि इस दौरान मौजूद कुछ नेताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
प्रभारी मंत्री प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और शहर कोतवाल के बीच हुई नोकझोंक के पीछे शनिवार की रात भाजपा नेता के भाई को कोतवाली लाना बताया जाता है। बताते हैं कि गढ़ी रोड स्थित एक समारोह में डीजे पर डांस के दौरान विवाद हो गया। इस पर महिलाओं के फोन पर पहुंचे शहर कोतवाल दोनों पक्षों के लोगों को कोतवाली ले आए थे। इनमें से एक भाजपा के नेता का भाई भी था। बाद में भाजपाइयों से जुड़ा मामला होने के कारण दोनों पक्षों को समझा बुझाकर छोड़ दिया गया था, लेकिन भाजना नेेता कोतवाल पर खुन्नस खाए थे और प्रभारी मंत्री के प्रवास के दौरान अतिउत्साहित होकर उनसे भिड़ गए। इस मामले में शहर कोतवाल का कहना है कि मामला कोई खास नहीं था। यह सब चला करता है। वहीं भाजपा नेता भी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते रहे। वहीं कोतवाल से भाजपाइयों की नोकझोंक का यह मामला चर्चा का केंद्र बना रहा।