लखीमपुर खीरी। किसानों के दिल्ली चलो के आह्वान को लेकर जिला प्रशासन एक बार फिर सतर्क हो गया है। रविवार को शहर के प्रमुख मार्गों और नेशनल हाईवे पर पुलिस की मुस्तैदी रही। नगर और कस्बों में भी प्रमुख सड़कों की किलेबंदी की गई। बेरीकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की गई। पैदल गश्तकर लोगों में पुलिस के सतर्क होने का अहसास कराया गया।
नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का दिल्ली में आंदोलन चल रहा है। जिले से भी तमाम किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए जाने की कोशिश कर रहे हैं, तमाम किसान जा भी चुके हैं। किसानों के दिल्ली जाने की आशंका पर पुलिस और प्रशासन एक बार फिर अलर्ट हो गया है। रविवार को सदर कोतवाली पुलिस ने सैधरी बाईपास, पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर एलआरपी चौराहा और रामापुर में बेरीकेडिंग कर वाहनों की जांच की। शहर के संकटा देवी चौराहा, महेवागंज, राजापुर चौराहा पर सघन चेकिंग की। इसके अलावा पैदल गश्त कर लोगों को पुलिस के सतर्क होने का अहसास कराया। निघासन, पलिया, पसगवां, मोहम्मदी, खीरी में भी पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाकर चेकिंग की और पैदल गश्त की।
नगर में बढ़ी पुलिस की गश्त, किसान नेता नजरबंद
गोला गोकर्णनाथ। एक और अधिकारी किसानों को समझाने के लिए बैठक कर रहे हैं, वहीं शांति सुरक्षा के लिए पुलिस ने नगर में गश्त बढ़ा दी है और किसान नेताओं को नजरबंद कर दिया है।
नगर में सीओ रविंद्र कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। हैदराबाद पुलिस ने शेरपुर गांव में किसान नेता राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के आईटी सेल के जिला अध्यक्ष अंजनी दीक्षित को उन्हीं के घर पर, लालजी प्रसाद गौतम, दिनेश कुमार, रंजीत कुमार, संजय कुमार गौतम, नवल किशोर शुक्ल आदि किसानों को नजरबंद कर दिया है। दूसरी ओर हैदराबाद थाना क्षेत्र में अजान गांव निवासी राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा को पुलिस ने उन्हीं के आवास पर नजरबंद कर दिया।
भीरा। रविवार को भीरा एसओ अजयराय के साथ सीओ पलिया संजयनाथ तिवारी के निर्देशन में भीरा कस्बे, बिजुआ, पडरिया तुला में दंगारोधी उपकरणों से लैस होकर पैदल मार्च किया और ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनों की जांच कर उन्हें आगे जाने दिया गया।
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी के साथ सिकंद्राबाद चौराहा पर बेरीकेडिंग की। वाहनों की चेकिंग कर कस्बे के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त की।
मितौली-खीरी। मितौली कस्बे में जगह-जगह पुलिस तैनात रही। इसके अलावा मितौली में बड़ागांव रोड पर सीतापुुुुुुुुुुुुुुुुर बार्डर, मढिया चौकी क्षेत्र में सीतापुर बार्डर, भीखमपुर व कस्ता में भी चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रही। मैगलगंज में हाईवे पर भी पर पुलिस सक्रिय रही। सीओ शीतांशु कुमार, एसओ अनिल सैनी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर पुलिस तैनाती की समीक्षा करते हुए अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
धौरहरा। पुलिस प्रशासन ने ओवरलोडिंग, ओवर हाइट, ज्यादा सवारी और अन्य वाहनों की जांच की। पुलिस ने 17 गाड़ियों का चालान किया। पुलिस टीम में एसआई राजेश यादव और कांस्टेबल वशिष्ठ पांडे, विजय कुमार आदि शामिल रहे।