महेवागंज/फूलबेहड़। पूजा गांव निवासी युवक गुड्डू की मौत की गुत्थी अब तक सुलझी नहीं है। परिजनों के अंतिम संस्कार से इन्कार करने पर पुलिस ने आननफानन में दंपती सहित पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फूलबेहड़ थाने के पूजा गांव निवासी 32 वर्षीय गुड्डू का शव सोमवार सुबह गांव के उत्तर तटबंध के पास छिछले पानी में मिला था। चेहरे और गले पर में ताजे घाव देख परिजनों ने एक दंपती समेत कुछ लोगों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शक के आधार पर पुलिस ने महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया था। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव घर पहुंचा। रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात सुनते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।
कार्रवाई में हीलाहवाली का आरोप लगा परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने मनाने की बहुत कोशिश की। परिजन कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। मामला बिगड़ता देख कई थानों की फोर्स और सीओ पीपी सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कार्रवाई होते देख परिजन माने और दोपहर एक बजे पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया। फूलबेहड़ प्रभारी आलोक धीमान ने बताया कि सोमवार को परिजनों ने जो तहरीर दी थी, उसमें दस्तखत या अंगूठा नहीं लगा था। मृतक के पिता कल्लूराम ने मंगलवार को बृज किशोर, उसकी पत्नी और जस्सा सिंह तथा दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी दंपती को हिरासत में लिया है।
मौके पर मौजूद पुलिस बल। संवाद