लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा नेशनल पार्क की सठियाना रेंज के अंबरगढ़ में वन विभाग की टीम पर शिकारियों ने फायरिंग कर दी। वनकर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दो शिकारियों को पकड़ लिया।
दोनों जंगली सुअर का शिकार करने की फिराक में थे। उनके पास से खाबड़, जाल भी मिले हैं। इन लोगों को वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट लिखकर जेल भेज दिया गया है।
दुधवा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि सठियाना रेंज में अंबरगढ़ कंपार्टमेंट छह में शिकार की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग की टीम को अलर्ट कर शिकारियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया।
टीम ने अंबरगढ़ के कंपार्टमेंट को घेर लिया। इस दौरान शिकारियों ने देसी रायफल से फायरिंग कर दी, बाद में वन विभाग की टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर दो शिकारियों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों लोग नेपाल के हैं ।
पूछताछ में शिकारियों ने अपना नाम बुद्धीराम लामा और अऐत बहादुर लामा निवासी कंचनपुर (नेपाल) बताया है। डीडी ने बताया कि दोनों जंगली सुअर का शिकार करने की फिराक में थे। उनके पास से खाबड़, जाल आदि भी बरामद किया गया है। दोनों पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।