- मृतक बाल सिंह के पड़ोसी और परिजन ने सुनाया दर्द
-सिक्किम में हिमस्खलन का मामला
- सिक्किम से हेलिकॉप्टर के जरिए बाल सिंह और उनकी बेटी चीकू का शव लखनऊ लाया जाएगा।
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। परिवार समेत छुट्टी मनाने सिक्किम गए शहर के बेसिक हेल्थ वर्कर बाल सिंह (32) पुत्र बंधु का परिवार हिमस्खलन की चपेट में आया तो उनकी जान ही चली गई। साथ में पांच साल की बच्ची चीकू की भी मौत हो गई। पत्नी सकुशल हैं। उधर, परिजन और पड़ोसियों के घर पर मातम पसरा है।
मोहल्ला कमलापुर के राना कॉलोनी के रहने वाले मृतक बाल सिंह (32) के पिता बंधु की दस साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि मां गांव सौनहा थाना चंदनचौकी में दो भाइयों के साथ ही रहती हैं। शहर के घर में मृतक बाल सिंह के दो भतीजे रहते हैं। इस वक्त उनके शहर के घर में दो भतीजों के अलावा कोई नहीं है।
मृतक बाल सिंह के पड़ोसी व उनके परिवार के रिश्ते के भाई कन्हैयालाल ने बताया कि परिवार से तीन लोग एक अप्रैल को सिक्किम गए थे। हमें बताया भी नहीं था। यह पहली बार था कि भाई बाल ने सिक्किम जाने के बारे में कुछ नहीं बताया था। मंगलवार को जब बाल की अचानक याद आई तो शाम को फोन मिलाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लगा कि कहीं व्यस्त होंगे। बात टल गई। इसके बाद बुधवार सुबह फिर फोन मिलाया, लेकिन फोन नहीं रिसीव हुआ। इससे उन्हें घबराहट होने लगी। बुधवार की दोपहर में घर से दुखद सूचना की जानकारी मिली।
पड़ोसी कन्हैंयालाल राना ने बताया कि बाल सिंह की पत्नी रेखा ने परिवार को बुधवार को फोन से सूचना दी, जिसके बाद मेरी पत्नी ने हमको सूचना दी। दिल धक से रह गया कि उनके भाई और भतीजी की मौत हो गई है। हादसे से परिवार बेहद दुख की घड़ी से गुजर रहा है। कभी सोचा न था कि ऐसा हो जाएगा। बताया कि हम लोग छठी क्लास से साथ में खेलकर बड़े हुए हैं। कभी कुछ नहीं छिपाया, लेकिन आखिरी दौर में उसने कुछ नहीं बताया कि वह सिक्किम जा रहे हैं। उधर, सीएमओ कार्यालय से पता चला कि सिक्किम से हेलिकॉप्टर के जरिये मृतक बाल सिंह व उनकी बेटी चीकू का शव लखनऊ लाया जाएगा।
राना कालोनी में बाल सिंह के घर के बाहर खड़े लोग