फार्मासिस्ट का दो घंटे का कार्य बहिष्कार मरीजों के लिए मुसीबत बना
जिले सहित सीएचसी-पीएचसी पर दवाओं के लिए भटकते रहे मरीज
लखीमपुर खीरी। नुस्खा लिखे जाने समेत कई मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन का दो घंटे का कार्य बहिष्कार शुक्रवार को भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार के चलते जिला मुख्यालय पर सुबह आठ से 10 बजे तक तो वहीं सीएचसी-पीएचसी पर सुबह 10 से 12 बजे तक दवा वितरण काउंटर बंद रहे। ऐसे में मरीजों का दवा लेने के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
जिला अस्पताल में संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. एके कनौजिया के नेतृत्व में सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार किया गया। उधर, महिला अस्पताल, क्षयरोग अस्पताल, पुलिस अस्पताल सहित केंद्रीय औषधि भंडार, ड्रगवेयर हाउस में काम बंद रहा। इन सभी जगहों पर दस बजे के बाद काम शुरू होने से मरीजों को राहत मिली। डॉ. सहदेव सचान ने कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जातीं तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता और उपेक्षा के कारण आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। जेल अस्पताल के फार्मासिस्ट डॉ. आरपी मौर्या ने कहा डॉक्टर की अनुपस्थिति में जब हम मरीज देख सकते हैं तो नुस्खा लिखने का अधिकार भी मिलना चाहिए। जिला मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि 19 दिसंबर तक मांग न माने जाने पर 20 दिसंबर से पोस्टमार्टम से लेकर इमर्जेंसी सेवाएं बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र मौर्या, डॉ. विमल सिंह, डॉ. संदीप वर्मा, डॉ. सरिता गुप्ता, डॉ. नीहारिका वर्मा, डॉ. देव सिंह आदि मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार को फार्मासिस्ट ने मांगों को लेकर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्य बहिष्कार रखा। फार्मासिस्ट मुन्नालाल चौधरी, रमेश चंद्र वर्मा, अनूप पांडे सहित ट्रेनी फार्मासिस्ट कार्य बहिष्कार पर रहे। ऐसे में दूरदराज से आए बीमार और तीमारदार दवाएं न मिलने से परेशान रहे। दवा काउंटर पर खड़े देवेंद्र सिंह ने बताया कि एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने आए हैं, लेकिन हड़ताल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं राजेंद्र नगर कॉलोनी निवासी साजिदा और सरकार गढ़ निवासी गुड्डू ने बताया कि डॉक्टर ने दवाएं लिख दी हैं। मगर, अब लेने के लिए काउंटर खुलनेेेेेेेेेेेेे का इंतजार कर रहे हैं।
बांकेगंज। फार्मासिस्ट चंद्रशेखर और सचिन वर्मा ने बताया कि यदि संवर्ग की जायज मांगों को सरकार नहीं मानती है तो अगले चरण में 17 से 19 दिसंबर तक पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। केवल आकस्मिक सेवाएं भी जारी रखी जाएंगी।
मोहम्मदी। शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मेसिस्ट के बैनर तले सीएचसी में दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। इमरजेंसी सेवाएं चलती रहीं। यह कार्यक्रम प्रदेश संगठन के आवाहन पर 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अमित श्रीवास्तव, सुशील शुक्ला, आशुतोष राठौर, अमित गुप्ता, डिप्टी सिंह, आशीष कुमार, श्रीदम राय, नीरज ढाली आदि मौजूद रहे।