नामांकन के समय लोगों के जाने से रोकती पुलिस
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। नामांकन स्थल कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों व चौराहों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पूरी तरह सील कर दिया और जिला पंचायत मार्केट की दुकानें भी बंद करा दीं। इससे पहले दिन ही आम नागरिकों व दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कलक्ट्रेट जाने के रास्तों पर पुलिस की जांच पड़ताल से सरकारी कर्मचारी व वकील भी हलकान दिखे।
आठ विधानसभा सीटों के लिए कलक्ट्रेट स्थित डीएम, एडीएम समेत विभिन्न अधिकारियों की आठ कोर्ट में नामांकन स्थल बनाए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से कलक्ट्रेट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। वहीं कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों को पूरी तरह बैरिकेडिंग कर सील कर दिया है। मसलन डीसी रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर नौरंगाबाद चौराहे के निकट पेट्रोल पंप के सामने बैरिकेडिंग करके बड़े व चौपहिया वाहनों की आवाजाही बंद की गई है।
वहीं सौजन्या तिराहे से डीसी रोड की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाया है। लोहिया चौराहे से कलक्ट्रेट जाने वाले रास्ते को बंद किया है। विलोबी हाल के सामने से कचेहरी जाने वाले रास्ते को भी बंद किया है। लिहाजा इन मार्गों से आवाजाही आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद की गई है और इस दूरी के मध्य पड़ने वाली दुकानों को भी नामांकन समय तक अपराह्न तीन बजे तक बंद किया है। निर्वाचन अधिसूचना के अनुसार तीन फरवरी 2022 तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, जिससे लोगों को एक सप्ताह तक बंदिशों से दो-चार होना पड़ेगा। गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों को चुनना होगा।
सामान्य व ओबीसी प्रत्याशियों के लिए जमानत राशि 10 हजार
निर्वाचन आयोग ने सामान्य व ओबीसी प्रत्याशियों के लिए 10 हजार रुपये जमानत राशि निर्धारित की है, जबकि अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए पांच हजार रुपये जमानत राशि निर्धारित है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय दलों के अभ्यर्थियों को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का एक प्रस्तावक चाहिए, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी को 10 निर्वाचकों द्वारा प्रस्तावित किया जाएगा।
नामांकन के दौरान सरकारी महिला कर्मी से पूछ ताछ करती पुलिस- फोटो : LAKHIMPUR