गोला गोकर्णनाथ/बेहजम। अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, जर्जर लाइनों और लंबे समय तक रोस्टिंग से परेशान लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। गोला गोकर्णनाथ में ग्रामीण जनहित सेवा समिति उत्तर प्रदेश ने एसडीएम को ज्ञापन दिया, जबकि बेहजम में किसान यूनियन के नेतृत्व में बाबा गौरीशंकर मंदिर परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया।
गोला गोकर्णनाथ में समिति के प्रदेश अध्यक्ष महेश वर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में उपखंड हैदराबाद क्षेत्र में बिजली समस्या के समाधान की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। बताया कि 29 अगस्त को भी समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन दिया गया था, तब एक सप्ताह में समाधान नहीं होने पर पावर हाउस हैदराबाद पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी। संगठन का आरोप है कि बिजली विभाग के अड़ियल रवैये के कारण समस्या का समाधान नहीं हुआ।
महेश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में हिंसक वन्यजीवों के हमलों में कई मौतें हो चुकी हैं। चारों तरफ खेतों में पानी भरा होने के कारण वन्यजीव सड़कों पर आ जाते हैं। शाम को अंधेरा होने पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। चोरी की घटनाओं का भी डर रहता है। उन्होंने समस्या का समाधान होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
बेहजम में किसान यूनियन नेता रवि तिवारी के नेतृत्व में किसानों ने अघोषित बिजली कटौती, जर्जर लाइनों और लंबे समय तक रोस्टिंग के विरोध में प्रदर्शन किया। सूचना पर एसडीओ हरीश कुमार, जेई दिवाकर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
प्रदर्शन में प्रधान संघ अध्यक्ष सुशील सिंह, प्रधान प्रतिनिधि टेडवा जय प्रकाश तिवारी, झलर पांडे समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। एसडीओ हरीश कुमार ने बताया कि रोस्टिंग की समस्या अधिक है, जिससे बिजली कटौती हो रही है।