मितौली। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण बृहस्पतिवार को मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेमरावां के मजरा अकबरपुर पहुंचे। यहां समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित घुमंतू गौरव समागम में उन्होंने घुमंतू समाज के लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें अधिकारों के साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने की।
इस दौरान पूर्व सांसद जुगुल किशोर, विधायक सौरभ सिंह सोनू और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. नरेंद्र सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया। भाजपा के निवर्तमान जिला मंत्री बृजेश सिंह, अमित सिंह, अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार, पप्पू प्रधान और दिनेश मास्टर समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ योगानंद पांडेय, एसडीएम संतदास पवार, तहसीलदार, बीडीओ विकास सिंह और सीओ यादवेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
लाभार्थियों को बांटे प्रमाणपत्र, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
समागम में मंत्री असीम अरुण ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जाति प्रमाणपत्र, आवास और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रमाणपत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई गई और बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग। संवाद