लखीमपुर खीरी में बारिश के चलते बिजली गुल होने से घरों के इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। इससे मोबाइल चार्ज करने के लिए रेलवे स्टेशन पर चार्जिंग प्वाइंट पर लोगों की कतार लग गई। रविवार सुबह का नजारा कुछ ऐसा रहा कि लोग एक्स्ट्रा बोर्ड लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे।
बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार रात तक होती रही। रविवार सुबह बारिश थमी जरूर, लेकिन मौसम अब भी बारिश का बना हुआ है। लगातार करीब 48 घंटे से अधिक बारिश और तेज हवा के कारण शहर में कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार रात से शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल है।
रेलवे स्टेशन पर फोन चार्ज करते युवक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रेलवे स्टेशन पर पहुंचे लोग
शुक्रवार को पूरे दिन और रात बिजली न आने से लोगों के घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। पानी की समस्या के साथ ही मोबाइल चार्ज करना भी बड़ी मुसीबत बन गया। ऐसे में रविवार सुबह लखीमपुर रेलवे स्टेशन का मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट लोगों के लिए सहारा बन गया। यहां बड़ी संख्या में लोग मोबाइल चार्ज कराने पहुंचे।
चार्जिंग प्वाइंट के सभी सॉकेट पर मोबाइल लगे नजर आए। कई लोग अपनी बारी के इंतजार में बैठे रहे। युवाओं की संख्या सबसे अधिक रही। कुछ लोग घर से एक्स्ट्रा बिजली का बोर्ड तक लेकर पहुंचे। फर्श पर बोर्ड और उनके साथ रखे दर्जनों मोबाइल फोन चार्जिंग में लगे थे।