ऑल इंडिया आर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्टस एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर बुधवार को जिले भर में दवा व्यवसाय बंद रहा। इसे तमाम मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर में अस्पताल रोड पर दिन भर सन्नाटा रहा। मेडिकल स्टोर न खुलने से तीमारदार इधर-उधर भटकते रहे। शहर से भी तमाम दवा व्यवसायी विधानसभा के सामने धरना प्रदर्शन में भाग लेने के लिए लखनऊ गए।
मैलानी। सुबह से ही मेडिकल स्टोर्स में ताले पड़े रहे। मरीजों को दवा पाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य निर्मल मजूमदार ने बताया कि फार्मासिस्ट तथा लाइसेंस नवीनीकरण की समस्या का निदान करने, ऑनलाइन दवा बिक्री को स्वीकृति देने की प्रक्रिया समाप्त करने आदि मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में दवा व्यवसाय बंद किया गया है। हड़ताल के चलते नगर का एक भी मेडिकल स्टोर नहीं खुला, जिससे मरीजों को परेशानियां उठानी पड़ीं।
अजान। यहां व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पंकज वर्मा, प्रमोद गुप्ता, दिनेश वर्मा, भूपेंद्र वर्मा, दयानंद वर्मा, अनूप यादव, आकाश वर्मा तथा रामलाल सहित तमाम दवा व्यवसाइयों ने फार्मेसिस्ट के लाइसेंस की अनिवार्यता तथा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की बाध्यता के विरोध में बंद का समर्थन कर अपनी दुकानें बंद रखीं।
पलियाकलां। यहां दवा विक्रेताओं ने दुकानें बंद रखीं। कस्बे के अलावा नौगवां, मझगईं, संपूर्णानगर तथा खजुरिया के मेडिकल स्टोर भी बंद रहे। दवाओं की दुकानें बंद होने से मरीजों काफी परेशानी उठानी पड़ी।
गोला गोकर्णनाथ। मांगों के समर्थन में गोला के मेडिकल स्टोर भी बंद रहे।