रक्षाबंधन सोमवार को है, त्योहार पर दो दिन की मिल रही छुट्टी को लेकर शनिवार को ही रोडवेज बस अड्डे पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। त्योहार के दौरान यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए डिपो अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली हैं और बसों के फेरे बढ़ाने का रूट प्लान भी तैयार किया हैै। लखीमपुर और गोला डिपो के अधिकारियों ने रक्षाबंधन पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को त्योहार और रविवार की छुट्टी होने के कारण लोगों की भीड़ शनिवार को ही डिपो पर उमड़ने लगी। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। वहीं टीआई और केद्र प्रभारी स्वयं यात्रियों को बसों में बैठलवाकर रवाना कराते रहे। रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि चालक परिचालक की छुट्टी यात्रियों के लिए कहीं मुसीबत न बन जाए इसलिए विभाग ने प्रोत्साहन राशि योजना शुरू की है जिससे चालक परिचालक और तकनीकी स्टाफ के लोग अवकाश न लेकर पांच से दस अगस्त तक रेग्युलर ड्यूटी करके प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं।