धौरहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटेहनी सरगड़ा में पति-पत्नी को अलग-अलग योजना से आवास देकर सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। डीएम आकाश दीप ने मामले की जांच डीडीओ अनिल कुमार सिंह को सौंपी है। इसके बाद ही जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रदेश की लोहिया आवास योजना के तहत किसी एक योजना का लाभ दिया जा सकता है। इसके उलट एक ही घर में पति-पत्नी के नाम अलग-अलग योजना से आवास दिए जाने का मामला बेहद संगीन है। पति-पत्नी को अलग-अलग आवास देना साबित करता है कि अधिकारियों की संलिप्तता जरूर होगी। मटेहनी सरगड़ निवासी अजय कुमार ने डीएम को दिए शपथ पत्र में बताया है कि बृजमोहन को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभ दिया गया, जबकि इनकी पत्नी किरन देवी को लोहिया आवास योजना से लाभान्वित किया गया है। इसी तरह रामरसी को प्रधानमंत्री आवास दिया गया, जबकि इनके पति रामचंद्र को लोहिया आवास मिला है। इसी गांव के प्यारेलाल को प्रधानमंत्री आवास मिला, जबकि इनकी पत्नी लौंगश्री को लोहिया आवास दिया गया। इसके अलावा रोशन जहां आरा को दो बार प्रधानमंत्री आवास दिए जाने का आरोप है। जबकि श्रीदेवी पत्नी किशोरीलाल को दूसरे लाभार्थी का आवास दे दिया गया। जबकि मजरा बैबहा निवासी कमालू के नाम से इसी नाम के दूसरे व्यक्ति को लाभ दिया गया।