एलआरपी गेस्ट हाउस के बाहर फ्लाई ओवर के सामने बनाया जा रहा पार्क। संवाद
लखीमपुर खीरी। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग को सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने एक पहल शुरू की है। एलआरपी चौराहे के सामने स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के बाहर नगर पालिका द्वारा एक आधुनिक और सुव्यवस्थित पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। यह पार्क करीब 18 लाख रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसकी लंबाई लगभग 60 मीटर और चौड़ाई 9 मीटर रखी गई है।
पार्क में हरियाली बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के छायादार और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे और अंदर पैदल टहलने के लिए पथ बनाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे परिसर में आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय भी यह स्थान बेहद खूबसूरत नजर आए। नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि यह इलाका शहर में बाहर से आने वाले लोगों के लिए एक प्रमुख इंट्री प्वाइंट है, इसलिए यहां का सौंदर्यीकरण जरूरी था।
इसके अलावा एलआरपी चौराहे पर बने फ्लाईओवर के नीचे भी व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। यहां स्टोन पिचिंग, आधुनिक लाइट वर्क और पौधारोपण किया जा रहा है, जिससे यह स्थान दूर से ही आकर्षक दिखाई देगा। नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि इस पहल से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि आमजन को एक स्वच्छ और सुखद वातावरण भी मिलेगा। पार्क का काम तेज चल रहा है।