दुधवा नेशनल पार्क में चल रहा फेडरेशन ऑफ फारेस्ट का विरोध सातवें दिन भी जारी रहा। फेडरेशन के महामंत्री विजय कुमार ने मामले में अभी तक कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताते हुए शस्त्र जमा करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने प्रमुख वन संरक्षक को भेजे पत्र में कहा है कि अभी तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई है और प्रशासन रोज नए षडयंत्र रच रहा है। आरोप है कैमा चौकी के आगे नो मैंस लैंड के पास दो संदिग्ध व्यक्ति घूमते नजर आए तो उनसे कर्मियों ने पूछताछ की। उनके मुताबिक दोनों व्यक्तियों ने अपने को घोला, पटिहन का लेखपाल होना बताया। पत्र में कर्मियों ने कहा है कि दोनों ने यह भी बताया कि वह एसडीएम के निर्देश पर यहां कटान देखने आए हैं।
आरोप है कि इसी तरह रोज नए मामले सामने आ रहे हैं जिससे जाहिर हो रहा है पार्क और कर्मियों की छवि धूमिल करने के लिए षडयंत्र चल रहा है। पत्र में इसके अलावा भी कई आरोप लगाए गए हैं। पत्र में मांग की गई है कि जल्द इस मामले में कार्रवाई की जाए अन्यथा वह सभी अपने शस्त्र जमा कर देंगे। इसके बाद पार्क सुरक्षा की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इधर सातवें दिन भी कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। गौरतलब है कि फेडरेशन ऑफ फारेस्ट के बैनर तले दुधवा के कर्मी 29 नवंबर से विरोध पर हैं। 30 नवंबर और एक दिसंबर को उन्होंने पूरी तरह से काम भी बंद रखा था।