यूपी मार्गदर्शिका एप में लाल रंग का पैनिक बंटन। स्रोत स्क्रीन शॉट
- फोटो : संवाद
लखीमपुर खीरी। महिला यात्रियों की सहूलियत के लिए बनाया गया परिवहन विभाग का यूपी मार्गदर्शी एप मुसीबत बनता जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि पैनिक बटन पर अगर धोखे से अंगुली छू जाए तो सीधे लखनऊ से फोन आने लगते हैं।
बसों की लोकेशन देखने वाले अधिकांश लोगों को इस दिक्कत का सामना करना पड़ता है। खास बात यह है कि यह पैनिक बटन मोबाइल स्क्रीन पर ही बना रहता है, उसको हटाया भी नहीं जा सकता है।
मोहल्ला अर्जुनपुरवा निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि यूपी मार्गदर्शी पर प्रयागराज के लिए रोडवेज को देख रहे थे, तभी धोखे से पैनिक बटन पर अंगुली लग गई।
अंगुली छूते ही एक मैसेज आया, उसके थोड़ी देर बाद एक नए नंबर से फोन आने लगा। फोन उठाने पर काॅलर ने कहा कि आपने इमरजेंसी काॅल की है। इस बात पर वह थोड़ा असमंजस में पड़ गए और कहा उन्होंने इमरजेंसी कॉल नहीं की।
अमित ने बताया कि उसके साथ इस तरह दो घटना हुईं, तब पता चला कि पैनिक बटन पर अंगुली छू जाने पर कॉल आती है। मेला मैदान निवासी ज्योति के साथ भी ऐसा ही हुआ।
वह दिल्ली जाने के लिए बस की लोकेशन देख रही थीं। यूपी मार्गदर्शी एप पर बसों की लाइव लोकेशन देखने वालों के साथ इस तरह के मामले लगभग रोज होते हैं।
लखीमपुर रोडवेज वरिष्ठ इंचार्ज नफासत अली ने कहा कि यह पैनिक बटन महिलाओं की सुरक्षा के लिए है। जरूरत पर इसकी मदद ली जा सकती है। लोगों को मार्गदर्शी एप का प्रयोग करते समय सावधानी रखनी चाहिए।