लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को 15 ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से होनी है, जिसमें इस बार कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए शासन ने सख्त निर्देश दिए हैं। मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए एसपी विजय ढुल के निर्देशन में प्रत्येक मतगणना केंद्र पर राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी ने प्रत्याशियों के जीत का जश्न मनाने और जुलूूस निकालने पर पाबंदी लगाई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने के लिए सभी सीओ एवं प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।
एसपी विजय ढुल ने कहा है कि मतगणना के बाद यदि किसी भी प्रत्याशी या उनके समर्थकों द्वारा जीत के बाद जुलूस निकालकर जश्न मनाया जाता है या अन्य किसी भी प्रकार से कोविड-19 नियमावली का उल्लंघन किया जाता है, तो उनके विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए। साथ ही एसपी ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते मतगणना स्थल पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने व कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए हैं। इस दौरान प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई है। संवाद