लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत 18074 पदों के लिए सोमवार सुबह सात बजे से 4495 बूथों पर मतदान शुरू हुआ। अपराह्न तीन बजे तक छिटपुट घटनाओं के बीच 56.2 फीसदी मतदाता वोट डाल चुके थे। कई जगह मतदान देर से शुरू हुआ, कई जगह प्रत्याशियों में झड़प हुईं। वहीं, एक मतदान कर्मी शिक्षिका की मौत भी हो गई। मोहम्मदी क्षेत्र के खजुरिया में डीएम, एसपी की मौजूदगी में वोट डाले गए।
जनपद के मितौली, ईसानगर के कई पोलिंग स्टेशन पर देरी से मतदान शुरू हुआ। ईसानगर थाना क्षेत्र के महरिया के बूथ नंबर 134 पर बैलट पेपर न होने पर ढाई घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ, जबकि मितौली के बूथ नंबर 169 पर मतदानकर्मी के अनुपस्थित रहने पर करीब 8 बजे मतदान शुरू हो सका, जिससे कई मतदाता लौट गए।
शुरुआत में मतदान की गति धीमा रहा, जिससे सुबह नौ बजे तक 9.5 फीसदी ही वोट डाले जा सके। इसके बाद मतदान में तेजी आई, जिससे अपराह्न तीन बजे तक 52.6 फीसदी मतदान पहुंच गया।
सबसे ज्यादा घटनाएं मितौली तहसील से सामने आईं, जहां पूर्व सांसद और भाजपा नेता जुगुल किशोर पर तहसील के लिधियाई गांव के एक बूथ के अंदर घुसकर एजेंट को कमरे से बाहर करने का आरोप लगा। प्रधान पद के प्रत्याशी और जुगुल किशोर में तीखी बहस भी हुई।
खंजननगर में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए दो प्रधान पद के प्रत्याशी आमने-सामने आ गए और उनके समर्थक भिड़ गए। जिसमें, दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए। यहां पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। वहीं मितौली के ही चपरदहा पोलिंग बूथ की मतदान कर्मी महिला शिक्षिका की सुबह पांच बजे अज्ञात कारणों के चलते मौत हो गई। जबकि, मितौली के ही बबौना गांव में वोट डालकर लौट रहीं दो महिलाओं को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मितौली के ही मड़रिया गांव के पोलिंग बूथ पर दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद वोटिंग रोक दी गई।
मोहम्मदी क्षेत्र के अतिसंवेदनशील खजुरिया मतदान केंद्र पर वोट डालने को लेकर कहासुनी की सूचना पर डीएम, एसपी पहुंचे। बाद में उनकी मौजूदगी में वोट डाले गए।
मैलानी थाना क्षेत्र की निकटवर्ती ग्राम पंचायत सलावत नगर की प्रधान पद की प्रत्याशी गुरमीत कौर के पति हरविंदर सिंह उर्फ साबी (32) की अचानक मौत हो गई। संवाद