लखीमपुर खीरी। मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत खंजननगर में एक ओबीसी महिला प्रत्याशी के चुनाव चिह्न पर पूर्व प्रधान के पुत्र ने कब्जा कर लिया है। गांव में प्राथमिक विद्यालय समेत अन्य भवनों की दीवारों पर पोस्टर भी चस्पा करा दिए हैं, जिसमें अनुसूचित जाति का पूर्व प्रधान का पुत्र स्वयं को उम्मीदवार बताकर वोट मांग रहा है। जबकि महिला प्रत्याशी का पोस्टर में कहीं नाम भी नहीं है। इस मामले की एक प्रत्याशी ने डीएम से शिकायत की है, जिस पर उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत खंजननगर को इस बार अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जिससे यहां पर चार महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान मेें है। इनमें से एक प्रत्याशी विद्या देवी पाल पत्नी रामसागर पाल ने डीएम को शिकायत कर बताया है कि उसके अलावा तीन अन्य महिला प्रत्याशियों मंजू देवी पत्नी शिवनरायन, नीता देवी पत्नी विजय कुमार और राजमुनी पत्नी रामप्रीत हैं। विद्या देवी ने आरोप लगाया है कि पूर्व प्रधान का पुत्र जो कि अनुसूचित जाति का है अपने द्वारा समर्थित प्रत्याशी राजमुनी के चुनाव चिह्न का प्रयोग अपने नाम व फोटो के साथ पोस्टर-बैनर पर कर रहा है। पोस्टर पर प्रत्याशी का फोटो भी नहीं है।
ग्राम सभा की सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर पोस्टर व बैनर चस्पा करा दिए हैं। आरोप यह भी है कि पूर्व प्रधान का पुत्र हर हाल में चुनाव जीतने की धमकी भी दे रहा है, उसने बूथ कैप्चरिंग की भी आशंका जताई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले में मितौली एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। संवाद