पसगवां। सहायक निर्वाचन अधिकारियों की उपलब्धता न होने के कारण त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के मतगणना पास बनने की प्रक्रिया निर्धारित समय तक शुरू नही हो पाई, जिस पर प्रत्याशियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची एसडीएम ने किसी तरह मामला संभाला।
निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि सहायक निर्वाचन अधिकारी दया शंकर वर्मा, अनिल कुमार, राम नरेश वर्मा, पवन कुमार वर्मा और चतुर्भुज बाजपेई कोरोना संक्रमित हो गए हैं, जिनकी जगह पर डीएम ने दूसरे निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति की है। देर से आदेश मिल पाने के कारण कुछ सहायक निर्वाचन अधिकारी अभी तक नही पहुंचे सके। ऐसे में उनके न आ पाने के कारण न्याय पंचायत पसगवां, औरंगाबाद, बाईकुंआ, बढैया, मुल्लापुर की खिड़कियों पर मतगणना पास जारी होने के लिए फॉर्म जमा होने का कार्य दो बजे दिन तक शुरू हो पाया। निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि सहायक निर्वाचन अधिकारियों के आ जाने से व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी ।
---
नहीं दिखी सामाजिक दूरी
सहायक निर्वाचन अधिकारियों की उपलब्धता न होने से ब्लॉक परिसर में मतगणना पास बनवाने आए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसमें कोविड गाइडलाइन तार तार दिखी।
-
पलिया में भी मतगणना पास बनवाने के लिए उमड़े प्रत्याशी व एजेंट
पलियाकलां। पंचायत चुनाव को लेकर दो मई को होने वाली मतगणना के लिए प्रत्याशी व उनके एजेंटों की भीड़ ब्लॉक परिसर में लगी रही।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक परिसर में ग्राम प्रधानों के मतगणना पास बनाए गए। ऐसे में ग्राम प्रधान व उनके साथ एक एजेंट के रूप में लोग पास बनवाने के लिए पहुंचे। जिसके कारण काफी भीड़भाड़ रही। बीडीओ डॉ विनय कुमार मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पास बनाए जाएंगे। जबकि एक मई शनिवार को ग्राम पंचायत सदस्यों के पास जारी किए जाएंगे। संवाद
-
बांकेगंज में पास बनवाने के लिए उमड़ी भीड़
बांकेगंज। पंचायत चुनाव के लिए आगामी दो मई को होने वाली मतगणना के लिए ब्लॉक क्षेत्र में प्रधान पद के दावेदारों / मतगणना अभिकर्ताओं के पास बनवाने के लिए ब्लॉक मुख्यालय प्रांगण में सवेरे से भीड़ उमड़ पड़ी। बृहस्पतिवार पहले दिन संबधित एआरओ ने सात न्याय पंचायतों के लिए बनाए गए अलग-अलग काउंटरों पर प्रधान पद के दावेदारों के दो फोटो और नामांकन पत्र की रसीद के साथ आवेदन लेकर पहचान पत्र निर्गत किए गए। बांकेगंज ब्लॉक के आरओ डीसी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य पद और एक मई को ग्राम पंचायत सदस्य पद के दावेदारों / मतगणना अभिकर्ताओं के पास बनाए जाएंगे। संवाद
-
मोहम्मदी में मतगणना की तैयारी पूर्ण
मोहम्मदी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मे दो मई को होने वाली मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। मतगणना के लिए 37 काउंटर बनाएं जाएंगे, जहां 370 कर्मचारी लगेंगे।
बीडीओ धर्मेश पांडे ने बताया कि दो मई को मोहम्मदी महाविद्यालय में मतगणना होगी। एसडीएम स्वाति शुक्ला ने बताया कि सभी प्रत्याशियों के मतगणना एजेंट ही आएंगे। मोबाइल लाने वाले और खांसी, जुकाम, बुखार पीड़ित व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। किसी भी हालत मे मतगणना स्थल के बाहर भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी जाएगी। संवाद
एक तो डॉक्टरों का टोटा ऊपर से मतगणना में टीम लगाने के निर्देश
पलियाकलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों डॉक्टरों का अकाल पड़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन की तरफ से मतगणना में टीम लगाने के निर्देश मिले हैं। अब जब डॉक्टर ही नहीं है तो ऐसे में टीम में कौन शामिल होगा और आकस्मिक रूप से आने वाली समस्या से कौन निपटेगा, इस पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो डॉक्टर कोरोना पॉजीटिव होने के कारण होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक डॉक्टर की नकहा व एक डॉक्टर की ड्यूटी लखीमपुर में लगाई गई है। वहीं प्रशासन की तरफ से दो मई को होने वाली मतगणना में भी टीम सहित उपस्थित रहने के निर्देश सीएचसी को मिले हैं। अब यहां पर एकमात्र चिकित्सक अधीक्षक डॉ हरेंद्र नाथ वरूण ही रह गए हैं। ऐसे में उनके सामने विकट समस्या आ गई है कि वह अस्पताल की इमरजेंसी देखें की मतगणना के दौरान टीम के साथ ड्यूटी पर जाएं। अधीक्षक डॉ हरेंद्र नाथ वरूण ने बताया कि प्रशासन की तरफ से पत्र मिला है जिसमें दो मई को होने वाली मतगणना में टीम समेत उपस्थित रहने के निर्देश मिले हैं। प्रशासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा। अस्पताल में भी आने वाले इमरजेंसी मरीजों का इलाज किया जाएगा। संवाद