भेजे गए पत्रों की मांग पूरी न होने पर उठाया कदम
मंगलवार को शारदा वर्क्स एसोसिएशन ने मांगें पूरी न होने पर पलिया चीनी मिल में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बता दें कि एसोसिएशन ने मानव संसाधन एचआर प्रशासन हेड कारखाना प्रबंधक को पत्र भेज कर 26 सितंबर तक मांगें पूरी न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। मांगें पूरी नहीं हुईं तो एसोसिएशन ने यह कदम उठाया।
इस मौके पर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि कर्मियों की मांगों को लेकर आठ सितंबर को एक ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में दी गई मांगों पर अधिकारियों द्वारा कोई भी कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में बैठक कर आंदोलन का निर्णय लिया गया। कहा कि यह धरना-प्रदर्शन आगे चलकर क्रमिक और आमरण अनशन में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने रिटायर कर्मियों को हटाकर उनके बच्चों को नियुक्ति दिए जाने, ठेका कर्मियों को मानक के अनुसार वेतन दिए जाने, फैक्ट्री चिकित्सालय में चिकित्सक की नियुक्ति किए जाने की मांग की। कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। पहले दिन धरना प्रदर्शन में निर्भय नरायन सिंह, परशुराम प्रजापति, संजय सिंह यादव, ओमनाथ त्रिपाठी, जटाशंकर यादव, रमाशंकर, सुनील मिश्रा, ओमनाथ त्रिपाठी, जटाशंकर यादव, रमाशंकर, सुनील मिश्रा शामिल रहे। समर्थन देने पहुुंचे आलोक मिश्रा ने कहा कि कर्मियों की जायज मांगों को पूरा किया जाना चाहिए वह इसके हकदार हैं।