लखीमपुर खीरी। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुजहा के सचिव (ग्राम पंचायत अधिकारी) कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया है। सचिव के खिलाफ लगाए गए वित्तीय गड़बड़ी करने के आरोपों की जांच बीडीओ पलिया ने की थी और उन्होंने सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट डीपीआरओ को भेजी थी। अब डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत नकहा को प्रकरण की जांच कर 15 दिन के अंदर आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बीडीओ पलिया ने सचिव के खिलाफ 11 आरोप लगाते हुए दस मामलों के साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं। इससे सचिव पर शिकंजा कसना तय है। पहला आरोप है कि ग्राम पंचायत मुजहा में बीडीओ के स्थलीय निरीक्षण के दौरान सचिव ने मनरेगा, राज्य वित्त/14वां वित्त आदि के अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए। दूसरा आरोप है कि 2020-21 में मनरेगा से कराए गए कार्यों के अभिलेख जानबूझकर उपलब्ध नहीं कराए। ग्राम निधि से कराए गए कार्यों की गुणवत्ता खराब मिली है और 2.05 लाख में खरीदे गए ह्यूम पाइप के अभिलेख नहीं दिखाए गए।
2019-20 में 3.97 लाख रुपये सोलर लाइट में खर्च दिखाए गए, जबकि जांच में 2020-21 में मात्र 60 नग लाइट की एमबी का प्रमाण पत्र दिया जाना पाया गया। हैंडपंप की मरम्मत पर हुए खर्च के अभिलेख सचिव ने जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए। इसके अलावा ग्राम पंचायत मुजहा में शौचालय निर्माण में गड़बड़ियां मिली हैं।
कई गंभीर आरोप होने के चलते पंचायत सचिव को निलंबित किया गया है और उसे उपस्थिति देने के लिए पलिया ब्लॉक से संबद्ध किया गया है। - सौम्य शील सिंह, डीपीआरओ