पलियाकलां। पलिया के मोहल्ला बाजार द्वितीय निवासी मोहित गुप्ता हत्याकांड मामले में कई दिनों बाद आखिरकार पुलिस खुलासे के करीब पहुंची हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों तक पुलिस के हाथ पहुंच चुके हैं। आज या कल में हत्याकांड का खुलासा हो सकता है।
मोहल्ला बाजार दो निवासी संतोष गुप्ता उर्फ गुल्ले के 22 वर्षीय पुत्र मोहित गुप्ता की 28 जून की देर रात अपने दोस्त सोमेश माधव के विवाह समारोह से लौटते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज व अन्य कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। लेकिन संतोषजनक जवाब व हत्या संबंधी कोई तथ्य न मिलने पर उनको छोड़ दिया गया था। बाहर से भी पुलिस की कई टीमें हत्याकांड का खुलासा करने के लिए लगी हुईं थीं।
सूत्रों के मुताबिक, हत्याकांड के असली आरोपियों तक पुलिस पहुंच चुकी है, जिससे जल्द ही घटना का खुलासा पुलिस कर सकती है। इस बाबत पलिया कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे अंतिम पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।