लालपुर स्टेडियम में बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में कुश्ती में दम दिखाते छात्र। संवाद
लखीमपुर खीरी। स्पोर्ट्स स्टेडियम लालपुर में दो दिनों से चल रही जनपद स्तरीय बेसिक बालक्रीड़ा एवं परिषदीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों व पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। परिषदीय खेल प्रतियोगिताओं में विकास खंड पलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि विकास खंड लखीमपुर उपविजेता रहा।
प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन पीएम श्री विद्यालयों की खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, इनमें निघासन विकास खंड ने चैंपियनशिप जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रमिया बेहड़ की टीम उपविजेता रही। मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना महत्वपूर्ण होती है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों एवं व्यवस्था में जुटी टीम को बधाई देते हुए मंडलीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व विशेष प्रदर्शनों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों व उनके शिक्षकों को मंच पर सम्मानित किया गया।
समारोह में बीईओ देवेश राय, शत्रुघ्न सरोज, आशीष कुमार पांडेय, सुभाष चंद, अखिलानंद राय सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, संगठन प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में प्रतिभागी बच्चे उपस्थित रहे।
लालपुर स्टेडियम में बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में कुश्ती में दम दिखाते छात्र। संवाद