संपूर्णानगर के रानीनगर में रोड पर गुस्साए ग्रामीणों ने की धान की रोपाई।
संपूर्णानगर। इलाके के रानीनगर कॉलोनी से गुजरने वाली रोड पर आए दिन जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क पर ही भरे पानी में धान की रोपाई कर दी। साथ ही जिम्मेदारों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पीडब्ल्यूडी से बनी रानीनगर कॉलोनी में रोड संपूर्णानगर समेत कई गांवों व कस्बों को जोड़ती है। यह रोड पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि श्याम सुंदर के घर से लालबिहारी के घर तक करीब 100 मीटर की दूरी तक अक्सर जलभराव देखने को मिलता है। जब बारिश होती है तो घुटनों के बराबर पानी भर जाता है। लोगों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं।
रोड पर दर्जनों गड्ढे हो गए हैं, जिनमें वाहन गिर जाते हैं और राहगीर चोटिल होते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानियां होती हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने जलभराव वाले स्थान पर धान की रोपाई करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द से जल्द रोड बनवाकर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान निमित श्रीवास्तव, मनोज समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।