लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इंटर कॉलेजों में प्रवेश व पंजीकरण को लेकर तारीखें निर्धारित कर दी गई हैं। अब 5 अगस्त तक ही पंजीकरण हो सकेंगे। शैक्षिक सत्र 2023-24 में कक्षा नौ व 11 प्रवेश व पंजीकरण की समय सारिणी जारी की है। सारिणी के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण, चेकलिस्ट व जांच के साथ सुधार करते हुए नामावली जमा करने की तिथि निर्धारित है। जिले में संचालित 53 राजकीय, 45 सहायता प्राप्त व 198 वित्तविहीन इंटर कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है।
डीआईओएस डॉ. महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कक्षा नौ व ग्यारह में प्रवेश लेने के लिए पांच अगस्त तक का समय है। छात्र-छात्राएं सभी दस्तावेज के साथ हर हाल में प्रवेश लेना सुनिश्चित कर लें। कम्पार्टमेंट परीक्षा के बाद हाईस्कूल से कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले परीक्षार्थियों को बीस अगस्त तक का मौका दिया जाएगा। इसके बाद 26 अगस्त से पांच सितंबर तक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड विद्यार्थियों की चेक लिस्ट अपलोड कर प्रिंट लेने के बाद नाम, माता व पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय व फोटो का मिलान का कार्य कराया जाएगा।
छह से 20 सितंबर तक संशोधन किए जा सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 सितंबर तक कॉलेज को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली व शुल्क जमा की प्रति कार्यालय में जमा करनी हाेगी। उन्होंने विद्यार्थी की ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर व आधार कार्ड संलग्न कराने के साथ ही पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों के प्रवेश में मनमानी बरतने या गड़बड़ी करने की दशा में कार्रवाई की जाएगी।