किसानों से धान खरीदने को 82 केंद्रों पर लगी मुहर
पीसीएफ 45 और विपणन शाखा खोलेगा 10 केंद्र
खरीफ सीजन में धान खरीद एक अक्तूबर 2016 से शुरू होनी है, जिसके लिए इस बार 82 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। जबकि पिछले वर्ष करीब 117 क्रय केंद्र खोले गए थे। क्रय केंद्रों की संख्या घटने की स्थिति में किसानों को धान बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सरकार ने केंद्रों पर कामन धान 1470 रुपये और ग्रेड ए धान का 1510 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य निर्धारित किया है।
सात तहसीलों लखीमपुर, पलिया, निघासन, मितौली, धौरहरा, गोला और मोहम्मदी में सबसे ज्यादा पीसीएफ 45 क्रय केंद्र खोलेगा। विपणन शाखा लखीमपुर और गोला तहसील क्षेत्र में 10 क्रय केंद्र खोलेगा। इसी तरह आवश्यक वस्तु निगम के पांच, यूपीएसएस के छह, एनसीसीएफ के छह, कर्मचारी कल्याण निगम के चार, यूपी स्टेट एग्रो के एक और भारतीय खाद्य निगम के पांच क्रय केंद्रों को डीएम की मंजूरी मिल गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कौशल देव ने बताया कि एक अक्तूबर से क्रय केंद्र खोलने के लिए तैयारियां करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों के प्रबंधकों को दिए गए हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले क्रय केंद्र कम होने की वजह एक एजेंसी को मंजूरी न मिल पाना रही है। उम्मीद जताते हुए कहा कि नैकाफ को धान खरीद से बाहर रखा गया था, लेकिन दूसरे चरण में विस्तार के दौरान उसे भी खरीद की मंजूरी मिल सकती है। इस संबंध में कार्यवाही चल रही है। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों से राइस मिलों को संबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।