तिकुनियां में क्रय केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
तिकुनिया। एसडीएम ओपी गुप्ता ने तिकुनियां स्थित तीन धानक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर बारदाना की कमी होने पर उन्होंने केंद्र प्रभारी को फटकार लगाई और जिला मुख्यालय पर केंद्र प्रभारी से बात कर बारदाना शीघ्र दिलाने को कहा। किसानों ने एसडीएम से अन्य तीन धानक्रय केंद्र खोले जाने की भी मांग की है।
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एसडीएम ओपी गुप्ता मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां पर किसानों ने बताया कि बारदाना न होने की बात कहकर धान खरीद दो दिनों से नहीं हो रही है। इस पर एसडीएम ओपी गुप्ता ने केंद्र प्रभारी को फटकार लगाते हुए वारदाना दिलाने को जिला मुख्यालय केंद्र प्रभारी ध्रुव से कहा। एसडीएम ने सचिव सुलेमान से धान खरीद में किसी प्रकार की कोताही ना बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने बताया कि परिसर में तीन धानक्रय केंद्र ही खुले हैं। इन क्रय केंद्रों पर मात्र तीन सौ क्विंटल धान की खरीद ही हो पाती है।