लखीमपुर खीरी। कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच जिले में ऑक्सीजन की समस्या का समाधान होता नहीं दिख रहा है। दूसरे दिन भी यहां ऑक्सीजन सिलिंडर का संकट बना रहा है। कमी के कारण कोविड अस्पताल में कई मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया गया। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए घर वाले ही सिलिंडर की व्यवस्था करते रहे। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि समस्या का समाधान हो गया है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन पर दिन बढ़ रही है। जिला अस्पताल में तमाम ऐसे लोगों का आ रहे हैं जिन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में जिले से लेकर कोविड अस्पताल तक भर्ती होने वालों मरीजों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है। ऐसे में ऑक्सीजन की मांग बढ़ने लगी है तो कोविड अस्पताल के आईसीयू बेड फुल हो जाने से मरीजों को भर्ती करने में दिक्कत आ रही है। बताते हैं कि ऑक्सीजन के अभाव में कोविड अस्पताल में मंगलवार शाम से बुधवार दोपहर तक कई मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया गया। इस कारण लोग जिला अस्पताल की ओर रुख करने लगे। मगर, वहां भी ऑक्सीजन के अभाव में लोगों को दिक्कत हुई। ऐसे में कई तीमारदारों को स्वयं ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था करनी पड़ी।
पत्नी के लिए खुद लेकर पहुंचे ऑक्सीजन सिलिंडर
गोला रोड निवासी रामदयाल बताते हैं कि सांस लेने में दिक्कत होने पर पत्नी को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। मगर, वहां पर ऑक्सीजन का संकट के चलते उन्होंने स्वयं सिलिंडर की व्यवस्था की। जो सिलिंडर मिला वह भी आधा था।
इसे भी जानिए
कोविड अस्पताल में मौजूद बेड
आईसीयू बेड- 20
वेंटिलेटर बेड- 10
आइसोलशन बेड-230
निगरानी समिति-1347
रैपिड रिस्पॉंस टीम-38 (सात शहरी एवं 31ग्रामीण)
कांट्रेक्स ट्रेसिंग टीम- 274
जिला अस्पताल में नहीं रुक रहा मौतों का सिलसिला
जिला अस्पताल में मरीजों के मरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रोजाना आठ से दस लोगों की मौत हो रही है। हालांकि इनकी मौत किस कारण हो रही है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। हां, अस्पताल स्टाफ का इतना जरूर कहना है कि अधिकतर लोग सांस लेने में दिक्कत होने की समस्या बताते हैं। इलाज के दौरान मौत हो जाती है। मंगलवार रात से बुधवार की शाम तक इमरजेंसी से लेकर वार्ड तक 10 लोगों की मौत हुई। इसमें अधिकतर लोग सांस लेने की समस्या से पीड़ित थे।
जल्द ही 50 सिलिंडर आने की उम्मीद
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने दावा किया है कि ऑक्सीजन का संकट खत्म हो गया है। मरीजों की स्थिति को देखते हुए डीएम ने शासन एवं बाराबंकी के डीएम से बात की। वहां से करीब 50 सिलिंडर भेजे जा रहे हैं, ऐेसे में अब ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
ऑक्सीजन सिलिंडर और रेमडेसिविर की कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
लखीमपुर खीरी। ऑक्सीजन सिलिंडर व रेमडेसिविर दवा की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा, जिसके लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला व तहसील स्तर पर टीमें बना दी हैं जो अभियान चलाकर ऑक्सीजन सिलिंडर व रेमडेसिविर की आपूर्ति पर नजर रखेंगी।
अपर मुख्य सचिव गृह एवं सतर्कता विभाग द्वारा जारी कोविड-19 महामारी के मद्देनजर ऑक्सीजन सिलिंडर व कोविड की दवा रेमडेसिविर की कालाबाजारी को प्रभावी तरीके से रोकने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। इसी क्रम में डीएम ने जिला व तहसील स्तर पर कमेटियों का गठन किया है। जनपद स्तरीय कमेटी एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में गठित की है, जिसमें सह अध्यक्ष एएसपी व औषधि निरीक्षक सदस्य बनाए गए हैं। तहसील स्तरीय समिति संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में गठित की गई है, जिसमें संबंधित सीओ सर्किल सह अध्यक्ष व तहसील मुख्यालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी को सदस्य बनाया गया है। संवाद