त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जारी सर्वे में नीमगांव क्षेत्र के अमेठी और सिकंद्राबाद समेत छह ग्राम पंचायतें अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में चिह्नित की गई हैं। इस संबंध में एसओ बृजेंद्र सिंह ने प्रशासन को सूची भेजी है।
शासन से मिले दिशा-निर्देश के बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए थाना क्षेत्र में संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस वाले गांवों का सर्वे किया गया। सीओ मितौली मिथिलेश दीक्षित ने बताया कि अमेठी, सिकंद्राबाद के अलावा नीमगांव, किशुनपुर, भूलनपुर और बेहजम को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। वहीं क्षेत्र के 30 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 28 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। चुनाव के दौरान अति संवेदनशील प्लस वाले मतदान केंद्रों पर चार दरोगा और आठ सशस्त्र सिपाही अतिरिक्त लगाए जाएंगे। इसके अलावा मोबाइल टीमें भी भ्रमण करती रहेंगी।