लखीमपुर खीरी। शनिवार को आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में गोला, पलिया और मितौली में कुल 133 शिकायतें आईं, जिनमें से महज 14 ही हल हो पाईं।
गोला तहसील सभागार में एसडीएम रत्नाकर मिश्रा की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में महज दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान कुल 54 शिकायतें मिलीं। जिसमें राजस्व एवं आपदा विभाग की 28, पुलिस की 13, खाद्य एवं रसद विभाग की पांच और विद्युत विभाग, ग्राम विकास, नगर विकास विभाग की शिकायतें शामिल हैं।
मितौली ब्लॉक सभागार में एसडीएम विनीत कुमार उपाध्याय ने लोगों की शिकायतें सुनीं। कुल 17 शिकायतें आई, इनमें से केवल तीन का ही निस्तारण किया जा सका। पलियाकलां में डीएम व एसपी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील में होना था, लेकिन डीएम व एसपी के संपूर्णानगर में हुए बवाल में जाने के बाद अन्य अधिकारियों ने तहसील में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को सुना। इस दौरान कुल 62 शिकायतें आईं, इसमें राजस्व की नौ शिकायतों का मौके से निस्तारण हो सका। डीएम, एसपी के न पहुंचने पर डेढ़ बजे ही जिले से आए अधिकारी चले गए।