- एनजीओ द्वारा प्राइमरी और जूनियर स्कूल में बंटा था एमडीएम
- नगर शिक्षाधिकारी को प्रधानाध्यापक ने दी फोन पर सूचना
सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की व्यवस्था एक एनजीओ के द्वारा की जा रही है। एनजीओ द्वारा सुभाष प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकगिरि में मिलने वाले एमडीएम में कीडे़ निकले हैं, जिसपर प्रधानाध्यापक और नपाप सदस्य काशी विश्वनाथ तिवारी ने रोष जताया और नगर शिक्षाधिकारी संजय शुक्ला को फोन से सूचना दी है।
त्रिलोक गिरि मंदिर परिसर स्थित सुभाष प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में मुरादाबाद की महाराणा प्रताप संस्था एनजीओ द्वारा विद्यार्थियों के लिए सुबह साढ़े दस बजे मिड-डे मील भेजवाया गया। मिड-डे मील में दी जाने वाली आलू और सोयाबीन की सब्जी, चावल में कीड़े देखकर प्रधानाध्यापक रामकुमार और सरोजबाला ने विद्यार्थियों को भोजन देने से मना कर दिया। मिड-डे मील में कीडे़ होने की सूचना उन्होंने नगर पालिका सदस्य काशी विश्वनाथ तिवारी, एनजीओ मैनेजर मुकेश कुमार और नगर शिक्षाधिकारी संजय शुक्ला को दी। सूचना पर पहुंचे नगर पालिका सदस्य ने मिड-डे मील में कीड़े होने की सूचना एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता को दी है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार रामदेव निषाद से जांच कराकर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यार्थियों को मध्याह्न में एनजीओ द्वारा बिस्कुट दिए गए हैं।
प्रधानाध्यापक और नगर पालिका सदस्य का आरोप है कि एनजीओ द्वारा पहले भी कई बार इसी प्रकार घटिया मिड-डे मील विद्यालय भेजा गया, जिसमें कीड़े दिख रहे थे, जिसकी सूचना एनजीओ मालिक और अधिकारियों को दी गई थी। किंतु मिड-डे मील रोस्टर और मानक के अनुसार नहीं मिल रहा है। जिससे विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और जीवन खतरे में है।
विद्यालय में मिड-डे मील देखने पहुंचे एनजीओ मैनेजर मुकेश कुमार ने बताया कि वह अपनी निगरानी में मिड-डे मील बनवाते और बंटवाते हैं, नगर के सात प्राथमिक, दो उच्च प्राथमिक और पांच इंटर कालेज में मध्याह्न भोजन भेजवाया जाता है। जहां कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने मिड-डे मील में कीड़े होने की बात स्वीकारी है।
--
मिड-डे मील में कीड़े मिलने की सूचना मिली है। मिड-डे मील को बच्चों को नहीं दिया गया है। मिड-डे मील उपलब्ध कराने वाली संस्था के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।
- संजय शुक्ला, नगर शिक्षाधिकारी गोला-खीरी