बिजली विभाग के अवर अभियंता/सहायक अभियंता अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को विरोध दर्ज कराएंगे। इस बावत राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने आंदोलन का नोटिस जारी करते हुए कहा कि मंगलवार को सभी अभियंता शासन के प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपेंगे और काला फीता बांधकर नियमानुसार कार्य करेंगे। संगठन जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने साफ किया कि अभियंताओं के इस विरोध का जिले की बिजली व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
संगठन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को इंजीनियर स्व. आरके दत्ता की पुण्य तिथि पर आयोजित रक्तदान शिविरों में शासन/सरकार के सम्मानित प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही समस्त कार्यरत अभियंता बेनियम कार्यपद्धति के विरोध में काला फीता बांधेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि एक अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर उपवास तथा लखनऊ मुख्यालय पर 101 प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी उपवास करेंगे। दो सितंबर तक मांगों को माने संबंधी आदेश जारी न होने की स्थिति में उपवास की समाप्ति और उसी दिन अगले आंदोलन का ऐलान किया जाएगा। संगठन ने अवर अभियंताओं का ग्रेड वेतन 4800 रुपये करने सहित कई मांग रखी है।