खीरी टाउन में उपभोक्ताओं को समझाती पुलिस टीम। संवाद
लखीमपुर खीरी/खीरी टाउन। खीरी टाउन में बुधवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचीं टीम को भारी विरोध झेलना पड़ा। उपभोक्ताओं और टीम के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिलीं। दो घंटों तक गहमा-गहमी के बाद टीम बिना मीटर लगाए वापस चली गई। जबकि टीम के साथ विभागीय अफसरों के अलावा राजस्व व पुलिसबल भी मौजूद रहा फिर भी स्मार्ट मीटर लगाने में असफल रहे।
जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का काम तेजी से चल रहा। पांच नवंबर को टीम खीरी टाउन में मीटर लगाने पहुंचीं थी, इस दौरान भी टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। बुधवार को टीम पुलिस बल के साथ मीटर लगाने पहुंची। विभागीय अफसर, कर्मचारी, राजस्व व पुलिस सहित टीम में 50 से 60 लोग थे।
मोहल्ला शेखसरायं के कुछ घरों में मीटर लगाने पहुंचीं तो उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने मीटर लगवाने के लिए साफ मना कर दिया गया। कुछ कर्मचारियों ने जबरन मीटर लगा दिए तो उपभोक्ता ने नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष उजमा-बी के पति फहीम अहमद पहुंचे और दरगाह में स्थित मुमताज मियां की मौजूदगी में बैठक की, लेकिन कोई खास निष्कर्ष नहीं निकल सका। इधर, विरोध के चलते टीम कुछ ही मीटर लगाने के बाद बैरंग लौट गई।