लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड के कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण में शैक्षिक विवरणों की गलतियां सुधारने का एक और मौका दिया गया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के पंजीकरण में अपलोड किए गए त्रुटिपूर्ण विवरणों को संशोधित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट 30 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक खुली रहेगी। इसके बाद संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय स्तर पर अग्रिम पंजीकरण के दौरान कई छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण गलत अपलोड होने के मामले सामने आए थे। इन्हीं गलतियों को सुधारने के लिए परिषद ने 30 नवंबर तक वेबसाइट खोलने का निर्णय लिया है। इस दौरान छात्र-छात्राओं के नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरणों में संशोधन किया जा सकेगा।
कक्षा 11 के पंजीकरण में हाईस्कूल का अनुक्रमांक गलत दर्ज होने पर उसे भी ठीक कराया जा सकेगा। नियमानुसार छात्र-छात्राओं के विवरण डिलीट और रिस्टोर करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगिन कर निर्धारित समयसीमा में छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों की जांच कराएं। त्रुटियां मिलने पर उन्हें संशोधित कर अपडेट करें। 30 नवंबर की रात 12 बजे के बाद किसी भी तरह का संशोधन नहीं हो सकेगा।