लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के संस्थागत विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है। अब 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक पंजीकरण शुल्क जमा कर विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा सकेगा।
पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली और कंप्यूटरीकृत सूची की एक-एक प्रति 15 अक्तूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों से अग्रिम पंजीकरण शुल्क 50 रुपये प्रति छात्र लिया जाएगा। इसमें 40 रुपये चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा होंगे और 10 रुपये विद्यालय के खाते में रखे जाएंगे। शुल्क जमा करने के बाद शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
एक से चार अक्तूबर तक अपलोड विवरण में प्रधानाचार्य नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय और फोटो आदि का मिलान करेंगे। पांच से आठ अक्तूबर तक विवरण में ऑनलाइन संशोधन किया जा सकेगा। इस अवधि में नए विद्यार्थी का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परिषद ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्धारित तिथियों में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अग्रिम पंजीकरण के लिए अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।