लखीमपुर खीरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट में प्रशिक्षुओं को पढ़ाई के साथ अपनी सॉफ्ट स्किल्स निखारने का विशेष अवसर मिलेगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश पर डायट में ओपन थियेटर की स्थापना की जाएगी, जिसमें डीएलएड प्रशिक्षुओं की तर्क शक्ति, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता को तराशा जाएगा।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने सभी डायट में ओपन थियेटर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। शासन की ओर से जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इसके तहत जिले के डायट परिसर में भी इस मंच का निर्माण होगा, जो जिले के प्रशिक्षुओं के लिए एक नया अवसर लेकर आएगा। ओपन थियेटर में हर सप्ताह समसामयिक मुद्दों पर परिचर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वर्कशॉप और विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र आयोजित होंगे।
यह मंच प्रशिक्षुओं को गीत-संगीत, नाटक, खेल, फोटोग्राफी जैसे उनके शौक को प्रदर्शित करने का अवसर देगा। कुछ ऐसे भी प्रशिक्षु हैं, जो पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में रुचि रखते हैं, उनकी प्रतिभा को मंच तक लाया जाएगा। इस ओपन थियेटर का निर्माण भावी शिक्षकों को केवल विषयगत ज्ञान ही नहीं, बल्कि समस्या समाधान, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता जैसे सॉफ्ट स्किल्स के ज्ञान में मदद करेगा।