लखीमपुर खीरी। जिले में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अस्पतालों में कहीं मरीजों को देखने के लिए फार्मासिस्ट को आगे आना पड़ा, तो कहीं स्वास्थ्य केंद्रों पर ताला लटका मिला। कई जगह ओपीडी और इमरजेंसी किसी तरह चल रही हैं, लेकिन जांच, टीकाकरण, प्रसव और टीबी से जुड़े काम प्रभावित हो गए हैं।
शहर के नौरंगाबाद और राजगढ़ नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर सीएचसी से आए चिकित्सक मरीजों का इलाज करते मिले। हालांकि इन दोनों केंद्रों पर टीकाकरण का काम प्रभावित रहा। दोपहर करीब एक बजे तक चिकित्सकों ने 25-30 मरीजों की ओपीडी की। वहीं गौटेय्याबाग स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका रहा। जिला अस्पताल में भी जीरियाट्रिक ओपीडी के कक्ष संख्या आठ और एनसीडी ओपीडी के कक्ष संख्या चार बंद रहे। इससे इलाज की आस में आए मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
फार्मासिस्ट ने देखे मरीज, जांच रहीं ठप
मझगईं/बरबर। मझगई पीएचसी पर प्रभारी चिकित्सक डॉ. अंकित पांडे के हड़ताल में शामिल होने के बाद फार्मासिस्ट वेदप्रकाश मरीजों को देखते मिले। बरबर पीएचसी पर लैब सहायक पंकज और एसटीएस राजेंद्र सिंह के हड़ताल पर होने से जांच और टीबी संबंधी कामकाज प्रभावित रहा। संवाद
पीएचसी पर नहीं मिली टीबी की दवा, सीएचसी पर गया बुलाया
फूलबेहड़। सीएचसी में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं किसी तरह संचालित की जा रही हैं, जबकि कंप्यूटर कक्ष बंद होने से जन्म प्रमाणपत्र जारी करने और प्रसव के बाद महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजने से जुड़े काम अटक गए हैं। टीकाकरण और फील्ड के अन्य कार्य प्रभावित हैं। सुंदरवल पीएचसी पर मरीजों की संख्या बेहद कम रही। टीबी की दवा खत्म होने पर मरीजों को फूलबेहड़ सीएचसी बुलाकर अधिक दिनों की दवा दी गई। संवाद
प्रसव के लिए महिलाओं को करना पड़ रहा रेफर
बिजुआ। पीएचसी चिकित्सक डॉ. कुलदीप कुमार और कुछ कर्मचारी ड्यूटी पर रहे। मरीजों को देखा गया, लेकिन जांचें नहीं हो सकीं। स्टाफ नर्स के हड़ताल पर होने से प्रसव सेवाएं प्रभावित हुईं और प्रसव के लिए पहुंचने वाली महिलाओं को सीएचसी भेजना पड़ा। संवाद
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का काम हुआ प्रभावित
निघासन। सीएचसी में एएनएम के हड़ताल पर रहने से गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों का टीकाकरण प्रभावित हुआ। मोहम्मदी में चार चिकित्सकों और 28 एएनएम समेत अन्य कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने और रक्तचाप की जांच जैसे काम भी प्रभावित रहे। संवाद
-
1400 स्वास्थ्कर्मी हैं हड़ताल पर
जिले के करीब 322 सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर) लखनऊ में बीते कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। वहीं 400 एएनएम में से करीब 60-80 प्रतिशत एएनएम भी लखनऊ भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रही हैं। जबकि सोमवार से जिले के करीब 700 एनएचएम संविदाकर्मी भी पर हैं। जिले के करीब 1400 स्वास्थ्यकर्मियों इस समय हड़ताल पर हैं।
फोटो 16
पिछले कुछ दिनों से बुखार और बदन दर्द हो रहा है। स्वास्थ्य केंद्र पर आए हैं, लेकिन ताला पड़ा हुआ है। अब बाहर किसी प्राइवेट अस्पताल से ही दवा खरीदनी पड़ेगी।
मतीन, गौटेय्याबाग
फोटो 17
अपने बच्चे के टीकाकरण के लिए लिए करीब एक सप्ताह से आयुष्मान आरोग्य मंदिर सहित एएनएम सेंटर पर चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन टीकाकरण नहीं हो पाया। आज सीएचसी निघासन पहुंचे, जहां पर बताया गया कि एएनम और सीएचओ हड़ताल पर हैं, आप कल आइए टीकाकरण कराया जाएगा।
संगम वैश्य, रकेहटी
सभी इमरजेंसी सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। कुछ जगहों पर डॉक्टर व अन्य स्टाफ के हड़ताल पर जाने की वजह से एमओआईसी सहित अन्य स्टाफ को लगाया गया है, ताकि ओपीडी प्रभावित न हो। टीकाकरण थोड़ा प्रभावित है, लेकिन विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण अभियान पूरा करा लिया जाएगा।
डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ
शहर के गौटेय्याबाग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में लटकता ताला। संवाद
शहर के गौटेय्याबाग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में लटकता ताला। संवाद
शहर के गौटेय्याबाग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में लटकता ताला। संवाद
शहर के गौटेय्याबाग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में लटकता ताला। संवाद