- लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई मौत
- शनिवार शाम पहुंचा शव, घर में मचा कोहराम
पचास रुपये का तगादा करने पर शुक्रवार को एक युवक ने शहर के मोहल्ला भुइफोरवानाथ निवासी 15 वर्षीय आदित्य कुमार उर्फ अद्दू की चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे घरवाले उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। शनिवार को उसकी लखनऊ में मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
मोहल्ला भुइफोरवानाथ निवासी ललित कुमार ने बताया कि सात दिसंबर को उसके पुत्र आदित्य कुमार उर्फ अद्दू और पड़ोस के सुरेंद्र के बीच पचास रुपये का तगादा करने पर कहासुनी हो गई थी। इससे सुरेंद्र खुन्नस खाए हुए था। शुक्रवार की दोपहर बाद आरोपी सुरेंद्र कुमार ने उसके पुत्र को मोहल्ले में ही दबोच लिया। पुत्र की पहले पिटाई की। बाद में चाकू मार दिया, जिससे आदित्य मौके पर ही गिर गया। उधर, आरोपी उसे मृत समझकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। आदित्य की हालत देख परिवारवालों में चीखपुकार मच गई।
घरवाले खून से लथपथ आदित्य कुमार को आननफानन में जिला अस्पताल लाए, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उसकी शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को ही घायल के पिता की तहरीर पर आरोपी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार की शाम शव घर पहुंचा तो परिवार वालों में कोहराम मच गया। घरवालों ने शाम को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
एसएसआई काली प्रसाद गौड़ ने आदित्य की मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि दर्ज जानलेवा हमले के मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
चाय-समोसे की दुकान चलाता था आदित्य
एसएसआई काली प्रसाद गौड़ ने बताया कि मोहल्ला भुइफोरवानाथ निवासी आदित्य कुमार की मोहल्ले में ही चाय-समोसे की दुकान है। बताते हैं कि मोहल्ले के ही सुरेंद्र पर 50 रुपये बकाया निकल रहे थे। सात नवंबर को जब आदित्य ने सुरेंद्र से रुपये मांगे तो विवाद हो गया था। इससे नाराज सुरेंद्र ने अपने एक अन्य साथी की मदद से शनिवार को दुकान के पास ही आदित्य की पिटाई की और चाकू मारकर घायल कर दिया था।