सदर कोतवाली के गांव बंजरिया निवासी रामपाल की बेवा रमादेवी बुधवार दोपहर इलाहाबाद बैंक शाखा पहुंची। यहां खाते से उन्होंने 50 हजार रुपये निकाले। बताते हैं महिला को कैशियर ने पांच सौ रुपये के नोट की गड्डी में अड़तालीस हजार और एक-एक हजार के दो नोट अलग दिए। महिला अपने साथ आए भतीजे के साथ पचास हजार रुपये लेकर चली गई। इसी बीच कस्बा निवासी महिला सरना देवी पेंशन लेने बैंक आई। बैंक के बाहर उसे रुपयों की गड्डी पड़ी मिली। जिसे महिला ने बैंक मैनेजर को दे दिया। ईमानदार महिला की सभी ने बेहद तारीफ की। मैनेजर बैंक में मौजूद ग्राहकों से रुपयों के बारे में पूछताछ कर ही रहे थे, कि इसी बीच हड़बड़ाहट में बैंक पहुंची एक महिला ने गिरे रुपयों पर अपना दावा पेश किया। मैनेजर चंद्रेश कुमार ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद पीड़ित महिला को रुपये लौटा दिए गए हैं। खोए हुए रुपये मिलते ही रमा देवी की आंखों में आंसू आ गए। उसने सरना देवी की ईमानदारी देख उसे गले लगा लिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी महिला की प्रशंसा की।