लखीमपुर खीरी। जिले में नौ टीएचआर प्लांट हैं, लेकिन ब्लाॅक 15 हैं। नौ प्लांट पर 15 ब्लाॅकों को आपूर्ति पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, जो अब खत्म कर दी गई है। अब व्यवस्था की गई है कि एक प्लांट एक ही ब्लाॅक में आपूर्ति करेगा। शेष ब्लाॅकों की आपूर्ति नामित फर्म से कराई जाएगी।
लखीमपुर, नकहा, मोहम्मदी, मितौली, निघासन, रमियाबेहड़, गोला, धौरहरा, पसगवां में एक-एक टीएचआर प्लांट है। प्रत्येक प्लांट पर प्रतिदिन पांच एमटी पुष्टाहार तैयार किया जाता है। अभी तक कई ऐसे प्लांट थे, जिन पर दो-दो ब्लाॅक की जिम्मेदारी थी। ऐसे में पुष्टाहार की आपूर्ति पूरी नहीं हो पाती थी। ऊपर से बीच-बीच में मशीन में तकनीकी खराबी आने से और दिक्कतें बढ़ जाती है।
एक प्लांट अपने ही ब्लाॅक में समय पर आपूर्ति पूरी नहीं कर पाता, तो दो ब्लाॅकों की जिम्मेदारी कैसे पूरी कर पाएगा। इसको ध्यान में रखते हुए शासन ने एक प्लांट काे एक ही ब्लाॅक में आपूर्ति के निर्देश दिए। डीसी एनआरएलएम जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि एक प्लांट एक ही ब्लाॅक को आपूर्ति देगा। अन्य ब्लाॅकों की आपूर्ति दूसरे स्तर से कराई जाएगी।