लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर परीक्षाओं के दौरान किसी विषय में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया जा रहा है। इस बार कंपार्टमेंट परीक्षा 22 जुलाई को होगी। इसको लेकर विभाग ने तैयारी कर ली है।
अप्रैल महीने में यूपी बोर्ड का परीक्षाफल घोषित हुआ था। इस परीक्षाफल में सैकड़ों छात्र फेल हो गए थे। ऐसे छात्रों को एक बार फिर से पास होने का मौका दिया जा रहा है। विभाग कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर के धर्मसभा इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटर के छात्र छात्राएं कंपार्टमेंट की परीक्षा देंगे। 22 जुलाई को होने वाली इस परीक्षा में हाईस्कूल के 165 छात्र जबकि इंटरमीडिएट के 535 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुल हाईस्कूल व इंटर के कुल 700 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के साथ वाइस रिकॉर्डर भी अपडेट रहेगा। जिससे लगातार निगरानी भी जाएगी। छात्र-छात्राएं अपने कालेजों से प्रवेश पत्र प्राप्त कर निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। जिससे प्रवेश लेने में किसी तरह की कोई दिक्कत न उठानी पड़े।