लखीमपुर खीरी। नई कबाड़ नीति लागू होने से जिले में पंजीकृत एक लाख 42 हजार 550 वाहन कबाड़ घोषित हो जाएंगे। 20 साल पूरा करने वाले 82,326 निजी वाहन और 60,224 कमर्शियल वाहन हैं। सरकार के इस फैसले से जहां वाहन स्वामी चिंतित हैं, वहीं ऑटो कारोबारियों में खुशी की लहर है। सरकार ने 30 दिनों तक आम लोगों से इस पर सुझाव मांगे हैं।
जिले में वर्तमान समय में 20 साल पूरे करने वाले 82,326 निजी और 15 साल की आयु पूरी करने वाले 60,224 कमर्शियल वाहन हैं। नई स्क्रैप नीति से आटो कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि सरकार के इस फैसले से कोरोना काल से संकट के दौर में गुजर रहे आटो बाजार को बढ़ावा मिलेगा। अनफिट गाड़ियों के सड़क से हटने पर सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इस नीति का लाभ कबाड़ घोषित होने पर वाहन के स्वामी को भी मिलेगा। स्क्रैपिंग नीति के तहत नई कार लेने में भी 10 से 15 प्रतिशत का लाभ मिलेगा।
क्या है नई कबाड़ नीति
नई नीति के तहत 15 साल बाद कमर्शियल वाहन और 20 साल बाद निजी वाहनों का पंजीकरण समाप्त कर दिया जाएगा। नई नीति के तहत निजी वाहनों का 20 साल में और वाणिज्यिक वाहनों का 15 साल में फिटनेस टेस्ट होगा। फिटनेस टेस्ट में फेल वाहन कबाड़ घोषित किए जाएंगे। वाहन मालिकों को फिटनेस परीक्षण और पंजीकरण रिनुअल करने के बजाय वाहन को नष्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिये वाहन मालिक को चार से छह फीसदी तक स्क्रैप मूल्य दिया जाएगा। साथ ही रोड टैक्स में 25 फीसदी की छूट दी जाएगी।
नई गाड़ी लेने पर ग्राहक को 10 से 15 प्रतिशत का लाभ होगा। इस नीति से वाहनों के नंबर नहीं बढ़ेंगे, बल्कि नंबर घटेंगे। प्रदूषण पर अंकुश लगेगा। आटो मोबाइल बाजार को भी बढ़ावा मिलेगा।
- दिनेश अग्रवाल, मालिक मूसाराम इंटरप्राइजेज
अब प्रदूषण मुक्त नई गाड़ियां आ गई हैं, जिनसे अब प्रदूषण भी नहीं फैलेगा। कबाड़ होने वाली गाड़ी के स्वामी को नई गाड़ी लेने पर काफी छूट मिलेगी। इससे कारोबार भी बढ़ेगा। सड़क हादसों में भी काफी कमी आएगी।
- सोनू सिंह राना, राना मोटर्स
नई स्क्रैप नीति को लेकर सरकार ने अभी सुझाव मांगे गए हैं। इसके बाद ही इस पर कोई निर्णय होगा।
- रमेश कुमार चौबे, एआरटीओ प्रर्वतन
जो गाड़ियां चलने लायक नहीं, उन्हें ही काटा जाय
स्क्रैप नीति काफी अच्छी है, लेकिन वही गाड़ियां काटी जाएं जो कबाड़ हो गई हैं। जिन गाड़ियों का रखरखाव आदि बेहतर है, उसे कबाड़ न घोषित किया जाए।
- सैय्यद अकरम
पर्यावरण को होगा फायदा
सरकार की यह नीति काफी अच्छी है। इससे प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण को लाभ होगा। वाहन की उम्र कंपनियों को कम से कम 35 साल रखनी चाहिए।
- विनीत मिश्रा
कम रुपये में कार का सपना होगा दूर
कम पैसे में पुरानी गाड़ियां ले लेते हैं, जिससे उनकी रोजीरोटी भी चलती है। सरकार की इस नीति से उनके सपने पूरे नहीं होंगे।
- अमरदीप अग्रवाल
बेहतर होंगे परिणाम
नई स्क्रैप नीति काफी बेहतर है। इसके लागू होने पर काफी अच्छे परिणाम सामने आएंगे। प्रदूषण कम होगा और सड़क हादसों में भी काफी कमी आएगी।
- विवेक तिवारी